नगर निगम जनता के लिए फ्लैट बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी के साथ मिलकर उसने प्लैनिंग शुरू कर दी है। निगम कमिश्नर आर. के. खुल्लर ने बताया कि नवादा में इसके लिए साइट देख ली गई है। इस योजना पर जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा।
नगर निगम ने अब तक शहर में झुग्गी बस्तियों वालों के लिए ही फ्लैट बनवाए हैं, आम जनता के लिए हाउसिंग की यह नई योजना है। खुल्लर ने बताया कि इस योजना के तहत यह डील हुई है कि निगम नवादा में अपनी जमीन दिलाएगा और ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी उस जमीन पर फ्लैट्स बनाएगी। ये फ्लैट्स जिस रेट में बिकेंगे, उसे निगम और ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी में बांट दिया जाएगा। निगम के कोष में इस राशि को जमा करा दिया जाएगा।
निगम कमिश्नर ने बताया कि पिछले दिनों एक टीम ने नवादा इलाके में जाकर जमीन का चुनाव किया था। उस जमीन के लिए मंजूरी भी मिल गई है। यह करीब 19 एकड़ जमीन है और इस पर लगभग 1000 फ्लैट्स बनाने हैं। निगम अधिकारियों ने बताया कि इस फ्लैट्स को मिडल और अपर मिडल लोगों को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा। इनके दामों को भी उनके बजट में रखने की योजना है।
निगम ने नवादा में 2 बेडरूम और 3 बेडरूम फ्लैट्स बनाने की योजना बनाई है। इसके अलावा, इन फ्लैट्स के आसपास पार्क, सड़क और अन्य सभी तरह की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर तरीके से बनाने का निर्णय लिया गया है। पार्किन्ग के लिए भी जगह बनाई जाएगी। निगम कमिश्नर का कहना है कि फरीदाबाद और इसके आसपास के इलाके के लोगों के लिए यह हाउसिंग स्कीम आने वाले साल तक शुरू हो जाएगी
Source: Navbharat Times फरीदाबाद में निगम बनाएगा फ्लैट्स